HomeTrendingजयकारों से गूंजा डलमऊ, विसर्जन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

जयकारों से गूंजा डलमऊ, विसर्जन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

  • जयकारों से गूंजा डलमऊ, विसर्जन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

  • डीजे की धुन पर नाचते झूमते, अबीर-गुलाल उड़ते विसर्जन यात्रा में शामिल हुये श्रद्धालु

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। शारदीय नवरात्र के समापन के पश्चात डलमऊ क्षेत्र एवं जनपद के विभिन्न हिस्सों से आई दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ निकली विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाएं, युवा और बच्चे नाचते-झूमते तथा अबीर-गुलाल उड़ाते हुए डलमऊ गंगा तट पहुंचे। विसर्जन शोभा यात्रा के दौरान डीजे एवं मां के जयकारों से डलमऊ क्षेत्र का वातावरण भक्ति मय बना रहा। विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरे पर एक अलग ही उत्साह और श्रद्धा दिखाई पड़ रही थी। जहां श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों एवं डीजे की धुन पर नाचते झूमते दिखाई पड़े, वहीं मां के जयकारे लगाकर माहौल को और भी भक्तिमय बना रहे थे। हवा में उड़ते अबीर-गुलाल और गूंजते जयकारों ने विसर्जन यात्रा को भव्य और आकर्षक बना दिया। विभिन्न स्थानों से आई विसर्जन शोभा यात्रा के चलते पूरे दिन डलमऊ की सड़कों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। नवरात्र के नौ दिनों तक पंडालों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक आयोजनों के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विदाई का यह क्षण भावुक करने वाला रहा। प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ-साथ मां को विदाई देते समय भक्तों की आंखें नम दिखाई दी। जयकारे लगाते और भक्ति भाव के साथ गंगा तट डलमऊ पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया। बुधवार देर शाम करीब 6 बजे तक लगभग 811 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं का भू विसर्जन किया जा चुका था। शासन के दिशा निर्देश पर क्षेत्रीय प्रशासन द्वारा प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थल गंगा तट स्थित छोटा मठ के समीप प्रतिमाओं के भू-विसर्जन के लिए दो बड़े गड्ढे तैयार कराए गए थे। विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह चौकन्ना दिखाई पड़ा। पुलिस टीम द्वारा विसर्जन यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था।

 

 

 

 

 

Must Read