HomeTrendingगगनभेदी जयकारों से गुंजायमान वातावरण में नम आंखों से मां को दी...

गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान वातावरण में नम आंखों से मां को दी गयी अश्रुपूरित विदाई

  • गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान वातावरण में नम आंखों से मां को दी गयी अश्रुपूरित विदाई

तेजस टूडे ब्यूरो
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। आस्था एवं श्रद्धा के चरमोत्कर्ष के साथ मां के भक्तों ने उल्लासपूर्वक जय माता दी गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान वातावरण में नम आंखों से मां दुर्गा को अश्रुपूरित विदाई दी। मंगलवार प्रात: 10 बजे केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति जनपद-अयोध्या व जिला प्रशासन के समन्वय से राजकीय इंटर कॉलेज से निकली मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा की पहली प्रतिमा श्री दुर्गा पूजा समिति मिर्जापुर माफी की रही जो श्रीभगवान जायसवाल घाट (निर्मली कुंड) के विसर्जन स्थल पर शोभायात्रा की प्रथम प्रतिमा के रूप में विसर्जित की गई।
माँ की विशाल शोभायात्रा का राजकीय इंटर कालेज से जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल की अध्यक्षता में निकाली गई जिसे पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायकगण वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्द्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने हरी झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया।
शोभायात्रा की अगुआई पूर्व विधान परिषद सदस्य हीरा लाल यादव, पूर्व मन्त्री तेज नारायन पाण्डेय, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी के महंत अमृत दास, भाजपा के पूर्व महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, समिति के प्रमुख संरक्षक व पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गुप्ता, जिला संयोजक गगन जायसवाल, जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर आदि सहित नगर के गणमान्य नागरिक कर रहे थे।
शोभायात्रा मे सबसे आगे केन्द्रीय समिति का बैनर, राष्ट्रीय ध्वज सहित तीन बड़े ध्वज, ब्रास बैन्ड के बाद प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, गुरुनानक देव, अग्रसेन महाराज, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं केन्द्रीय समिति के संस्थापक श्रद्धेय श्रीभगवान जायसवाल के चित्रों के बाद तत्पश्चात प्रभु श्रीराम, भगवान शंकर, भगवान श्रीकृष्ण सहित आधा दर्जन दिव्य एवं मनमोहक झाँकियाँ चल रही थी। इनके साथ महिला शक्तिवाहिनी व पुरुष शक्तिवाहिनी की टुकड़ी भी चल रही थीं।
माँ दुर्गा की यह भव्य एवं विशाल शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों, बैण्ड-बाजों व डी जे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ परम्परागत रूप से गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जी०आई०सी० के मैदान से 20 अक्टूबर को निकाली गयी जो फतेहगंज, मोतीबाग,चौक, रिकाबगंज चौराहा, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी, रोडवेज,सिविल लाइन होते हुये श्री भगवान जायसवाल घाट (निर्मली कुंड) पहुंची जहाँ श्रद्धापूर्वक माँ के भक्तों ने “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों के बीच नम आंखो से माँ दुर्गा को विदा दी।

 

 

 

 

 

Must Read