संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मिले दीपावली बोनस: करूणा शंकर

  • संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मिले दीपावली बोनस: करूणा शंकर

  • मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उठायी मांग

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभम जायसवाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश टीबी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को पत्र भेजकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत टीबी कर्मचारियों सहित सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व वेतन, बोनस और इंक्रीमेंट का लाभ देने की मांग किया है।
उन्होंने कहा कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी भी पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में जुटे हैं। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी इन कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जनसेवा की और प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा में अहम भूमिका निभाई। इसके बावजूद त्योहार के अवसर पर उन्हें बोनस का लाभ न मिलना उनके मन में निराशा पैदा करता है।
उन्होंने सरकार से मांग किया कि जिस प्रकार राज्य कर्मचारियों को नियमानुसार दीपावली बोनस दिया जाता है, उसी प्रकार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए भी बोनस का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जब आमजन अपने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को त्योहार पर उपहार देकर उनकी खुशियों में शामिल होते हैं, तो वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे संविदा कर्मचारी इस सम्मान और सुविधा से वंचित क्यों रहें?
श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री से संवेदनशीलता के साथ इस मांग पर विचार करने की अपील करते हुए कहा कि दीपावली से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा बोनस और इंक्रीमेंट की राशि देने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किये जायं। इससे हजारों संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।