उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय एवं मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय में हुा संविधान दिवस कार्यक्रम

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। महाप्रबंधक कार्यालय उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज के संगम ब्लॉक एवं मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रयागराज में संविधान दिवस पर कार्यक्रम किया गया। संगम ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम में “संविधान दिवस प्रस्तावना-पाठ समारोह” किया गया। इस मौके पर महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया। सभी ने एक स्वर में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई तथा संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी तथा मुख्यालय के बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा धनंजय सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों की गारंटी प्रदान करता है तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के योगदान और उनके दूरदर्शी विचारों का स्मरण कराता है। उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।







