डीजे के शोर पर लगाम लगाने वाली सीओ सिटी सम्मानित

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। नवरात्र में प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के दौरान डीजे की तेज आवाज पर अंकुश लगाने के लिए किए गए प्रयासों को लेकर सीओ सिटी प्रिया सिंह को श्री गोपीनाथ जी मंदिर गुसांईपुरा में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। धर्माचार्यों और श्री दुर्गा उत्सव महासमिति ने प्रशासन की पहल को जनहित में सराहनीय बताया। वक्ताओं ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को राहत मिलती है। धार्मिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल जरूरी है। जिला धर्माचार्य महंत विष्णु दत्त स्वामी ने सीओ सिटी को श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं सुशीला देवी, शशि शर्मा और नेहा स्वामी ने शॉल व माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। समारोह में दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महंत मार्तंड दत्त स्वामी ने किया तथा आभार विवेक दत्त स्वामी एडवोकेट ने व्यक्त किया।









