पुलिस लाइन के सामने किन्नरों का नग्न प्रदर्शन, पुलिस से हुई भिड़ंत, 5 गिरफ्तार

  • पुलिस लाइन के सामने किन्नरों का नग्न प्रदर्शन, पुलिस से हुई भिड़ंत, 5 गिरफ्तार

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। पुलिस लाइन के गेट के सामने सड़क पर बैरियर लगाकर यातायात बाधित करने, नग्न प्रदर्शन करने और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने के आरोप में नवाबाद पुलिस ने चार किन्नरों और उनकी एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के मुताबिक बीते 24 अक्टूबर को पुलिस लाइन के सामने 5 लोगों ने सड़क के दोनों ओर बैरियर लगाकर यातायात बाधित कर दिया। आरोप है कि इस दौरान नग्न अवस्था में प्रदर्शन करते हुए राहगीरों से गाली-गलौज और मारपीट की गई। मौके पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। पुलिस का आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शन जारी रखा गया और आत्महत्या की धमकी देकर सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। बताया गया कि इससे पहले 21 अक्टूबर को कोछा भांवर मोहल्ले में क्षेत्र के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात सामान्य कराया। उपनिरीक्षक रामकरन की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा संख्या 594/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंशिका उर्फ अभिषेक, पूजा, नयनतारा, रशियन और ममता शामिल हैं।