सामाजिक जागरूकता एवं इच्छाशक्ति से रूकेगा बाल विवाह: उज्ज्वल
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से बाल विवाह रोकने के लिए विचार गोष्ठी की गई।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उज्ज्वल उपाध्याय ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए केवल कानूनी प्रावधान और प्रशासनिक कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी, सामूहिक जागरूकता और मजबूत इच्छाशक्ति आवश्यक है। जब तक समाज स्वयं बाल विवाह के विरुद्ध खड़ा नहीं होगा, तब तक इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है।
विकास खंड देवा सभागार में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, बाल अधिकारों एवं बच्चों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल एक पुरानी सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि एक गंभीर एवं दंडनीय कानूनी अपराध भी है। यह बच्चों विशेषकर बालिकाओं के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। संवाद सामाजिक संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग, बाल संरक्षण से जुड़े प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, महिलाओं एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड विकास अधिकारी देवा ने कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चों को समय से पहले ऐसी जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ता है जिनके लिए वे शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से तैयार नहीं होते। कम उम्र में विवाह से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से कहा, बाल विवाह को केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जागरूकता, शिक्षा और मजबूत इच्छाशक्ति से ही जड़ से समाप्त किया जा सकता है। बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।











