HomeTrendingमोनाड विवि के बी. फार्मा विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में प्राप्त किया...

मोनाड विवि के बी. फार्मा विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में प्राप्त किया तृतीय पुरस्कार

  • मोनाड विवि के बी. फार्मा विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में प्राप्त किया तृतीय पुरस्कार

  • 80 से अधिक फार्मेसी संस्थानों के साथ हुई क्विज प्रतियोगिता में लहराया परचम

तेजस टूडे ब्यूरो
अनिल कश्यप
हापुड़। मोनाड विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों ने एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एमिटी विश्वविद्यालय नोएडा में आयोजित विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के राज्य स्तरीय भव्य समारोह में क्विज प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में मोनाड विश्वविद्यालय के बी. फार्मा चतुर्थ वर्ष के 3 विद्यार्थियों अजय सिंह, पायल एवं अंजलि गौतम ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक जानकारी एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए क्विज प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। प्रतियोगिता में दिल्ली एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग अस्सी से अधिक फार्मेसी संस्थानों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के सहयोग से स्वस्थ भारत रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला विषय पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना था। समारोह के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रस्तुति, क्विज प्रतियोगिता, वैज्ञानिक सत्र एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक ज्ञान, रचनात्मकता, संवाद कौशल एवं जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में फार्मेसी शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने तथा भारतीय फार्मासिस्टों की वैश्विक पहचान को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों एवं शैक्षणिक संस्थानों को एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर विवि के कुलपति डॉ. मुहम्मद जावेद, प्रतिकुलाधिपति डॉ. एन.के. सिंह, कुलसचिव कर्नल डी.पी. सिंह एवं अकादमिक डीन डॉ. ऋचा यादव ने उन्हें बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया। वहीं कुलपति ने कहा कि मोनाड विवि के फार्मेसी संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) उमेश कुमार एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) यश प्रताप सिंह का छात्रों की इस सफलता में विशेष योगदान रहा हैं तथा उन्हीं के बहुमूल्य मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं निरंतर सहयोग ने विद्यार्थियों को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने तथा विश्वविद्यालय का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय द्वारा फार्मेसी विभाग के संकाय सदस्यों रंजीता वर्मा, निरपेक्ष तोमर, डॉ. उमा अग्रवाल, अमित कुमार, कंचन माथुर, मंशा एवं विनीत कुमार के बहुमूल्य सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन की भी सराहना की गई। उनके योगदान ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
फार्मेसी संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि फार्मेसी विभाग की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यावसायिक अनुभव, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा फार्मास्यूटिकल विज्ञान के विशेषज्ञों के साथ संवाद के अवसर प्रदान किए जाते हैं। उनके साथ विवि प्रबंधन एवं फार्मेसी विभाग ने विजयी छात्र-छात्राओं को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। साथ ही इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक मंच को उपलब्ध कराने एवं सफल आयोजन के लिए एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा तथा आयोजन समिति के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

 

 

 

 

Must Read