बीएड छात्रों को बताये गये योग से निरोग रहने के गुर

  • बीएड छात्रों को बताये गये योग से निरोग रहने के गुर

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। एलबीएस पीजी कॉलेज के बीएड विभाग में प्रभारी प्राचार्य प्रो जितेंद्र सिंह ने निर्देशन में तीन दिवसीय योग सत्र का आयोजन हुआ। शिविर में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र—छात्राओं को योगाभ्यास करवाया। साथ ही उसके लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई। योगाचार्य ने उपस्थित समस्त योग साधकों को सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, तिर्यक-ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य-नमस्कार आदि का अभ्यास करवाया। इसके साथ समस्त योग साधकों को उचित दिनचर्या, आहार-विहार और षट्कर्म क्रिया की जानकारी भी दी गई।
बच्चों को संबोधित करते हुए बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि योग के नियमित अभ्यास से आप सभी अपने तन मन को शुद्ध कर सकते हैं। आज के युग में मनुष्य सब को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की दौड़ में इतने तनावग्रस्त हो जाते हैं कि अक्सर हजारों बीमारियों के शिकार बन जाते हैं। इन बीमारियों से पीछा छुड़ाने के लिए दवा का सहारा न लेकर प्राकृतिक तरीका अपनाना ही बुद्धि संगत होता है।
इसी क्रम में डॉ चमन कौर ने कहा योग हमारे सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर के सभी अंग प्रत्यंग पूर्णरुप से बलिष्ठ व निरोगी हो जाते हैं। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि योग से हम सभी पूर्ण निरोगी, संस्कारवान, चरित्रवान, बलवान और महान बन जाते हैं। योग के द्वारा मानव को अतिरिक्त उर्जा की प्राप्ति होती है। जो शिक्षा ग्रहण करने में मदद करती है, इसलिए आप सभी नियमित रूप से प्रत्येक दिन सुबह योग और दिन-भर कर्म योग जरूर करें।
शिविर में विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप श्रीवास्तव, डॉ. चमन कौर, लोहान कल्याणी, नीरज यादव, प्रतिभा सिंह, आशीष गुप्ता के साथ बीएड विभाग के सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।