मालवीय सेवा संस्थान की पहल: युवा को दिशा–मालवीय करियर मार्गदर्शन का हुआ शुभारम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
मिर्जापुर। युवाओं को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से मालवीय सेवा संस्थान की पहल ‘युवा को दिशा–मालवीय करियर मार्गदर्शन’ का शुभारंभ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (RGSC) में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भारत सरकार एवं कार्यकारिणी सदस्य काशी हिन्दू विश्वविद्यालय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रो. डॉ. आशीष श्रीवास्तव संकाय प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा केंद्र बीएचयू ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बदलती हुई दुनिया की आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान, कौशल, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता से भी संपन्न होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही करियर का चुनाव व्यक्ति के जीवन की दिशा निर्धारित करता है, इसलिए युवाओं को अपनी रुचि, योग्यता और संभावनाओं का आत्ममूल्यांकन करते हुए निर्णय लेना चाहिए।
प्रो. आशीष श्रीवास्तव जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखने, तकनीकी दक्षता विकसित करने, संवाद कौशल बढ़ाने और अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। ग्रामीण एवं छोटे शहरों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है; आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने मालवीय सेवा संस्थान की इस पहल को युवाओं को सही दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रो. सुषमा घिल्डियाल संकाय प्रमुख कला संकाय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने युवाओं के सर्वांगीण विकास में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास एवं सही करियर मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के व्यवस्थापक डॉ. रत्न शंकर मिश्र समन्वयक दीनदयाल कौशल केंद्र बीएचयू ने आयोजन के उद्देश्यों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। संस्थान का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चुनने में सहायता प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना है। महामना मदन मोहन मालवीय जी के आदर्शों से प्रेरित संस्थान शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मिश्र, उपाध्यक्ष शशांक द्विवेदी, प्रबंधक अनिल मिश्र, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, शशिभूषण, सोनू, प्रवीण तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्थापक अध्यक्ष ने कहा कि सही दिशा, व्यावहारिक कौशल और उचित अवसरों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।













