डीएम की पहल पर हरिऔध कला केन्द्र में स्थापित होगा संग्रहालय एवं पुस्तकालय

  • डीएम की पहल पर हरिऔध कला केन्द्र में स्थापित होगा संग्रहालय एवं पुस्तकालय

  • 2.50 करोड़ की परियोजना को मिली शासन की सैद्धांतिक सहमति

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जनपद की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने तथा उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल पर महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जनपद के हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना तथा क्यूरेशन (संग्रह एवं प्रदर्शन संबंधी कार्य) के लिए शासन द्वारा सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 2.50 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
शासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस परियोजना के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। परियोजना के अंतर्गत हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना की जाएगी। इसके माध्यम से जनपद की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत, महान साहित्यकारों के योगदान तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहरों को संरक्षित करने और प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य आजमगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाना, स्थानीय साहित्यकारों एवं सांस्कृतिक विरासत को उचित स्थान दिलाना तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों एवं आमजन को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक केंद्र उपलब्ध कराना है। पर्यटन अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना से जनपद में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, शोध एवं सांस्कृतिक जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। जिलाधिकारी की पहल से प्रस्तावित यह परियोजना आजमगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।