पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गयी श्रद्धांजलि
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में देश की रक्षा और कर्तव्य पालन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के संदेश से उपस्थित पुलिसकर्मियों को अवगत कराया। साथ ही बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बलिदान की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास वर्ष 1959 से जुड़ा है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा के पास गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।













