पुलिस अधीक्षक ने ‘यातायात जागरूकता माह-2026’ का किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। जनपद में ‘यातायात जागरूकता माह-2026’ का शुभारंभ पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने हरी झण्डी दिखाकर किया। पुलिस परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ शहर के विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने स्कूली बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल पुलिस एवं प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन चालान या दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि हर माता-पिता का कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने की अनिवार्य रूप से शिक्षा दें।
कार्यक्रम में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल तथा डीपीएस स्कूल के बच्चों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला ने बच्चों से आह्वान किया कि वे यह शपथ लें कि वे अपने परिवार के किसी भी सदस्य (अभिभावक, माता-पिता, भाई-बहन) को बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन और बिना सीट बेल्ट के चारपहिया वाहन नहीं चलाने देंगे। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट पुलिस के डर से नहीं,बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए लगाएं। आज के समय में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें अन्य कई कारणों से होने वाली मौतों से अधिक हैं। यदि हम यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें तो इन असमय मौतों को काफी हद तक टाला जा सकता है।
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा द्वारा भी उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी सड़क सुरक्षा पर अपने विचार रखे। इसके पश्चात चन्दौली पुलिस की मोबाइल वैन, पैंथर दस्ता एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर आम जनमानस को जागरूक किया गया तथा पम्पलेट/पर्चे बांटे गए। जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों में निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों और बस स्टैंडों पर वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, नो-ड्रिंकिंग एंड ड्राइविंग तथा मोबाइल के प्रयोग से बचने के संबंध में जागरूक किया जाएगा। दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट)को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। व्यावसायिक वाहन चालकों को सुरक्षित संचालन के प्रति जागरूक करने के साथ आमजन को ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व और ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक मददगार) बनकर सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल जाते समय समय से घर से निकलें, ताकि बस पकड़ने के लिए दौड़ना न पड़े। स्कूल द्वारा निर्धारितृत बस स्टॉप पर ही बस में चढ़ें/उतरें। चौराहे या अनाधिकृत स्थान का प्रयोग न करें। टैम्पो व ई-रिक्शा से स्कूल जाते समय पूरी सावधानी बरतें,
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ० चारू द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक यातायात प्रथम सत्य प्रकाश यादव, प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वितीय सुरेन्द्र यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







