द सूफी ख्याल बैण्ड की सुरमयी प्रस्तुतियों ने बांधा समां
धनन्जय एवं नीतीश की गायकी पर झूमे दर्शक
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी में आयोजित संगीत संध्या में द सूफी ख्याल बैंड के कलाकारों ने अपनी शानदार गायकी और मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्र—मुग्ध कर दिया। बैंड के गायक धनंजय मित्तुल और नीतीश सिंह की सुरीली जोड़ी ने अपनी दमदार आवाज, अनूठे अंदाज और शानदार संगीत संयोजन से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने गीत, उनके अंदाजे करम से की। इसके बाद ‘तू माने या ना माने दिलदारा’, ‘दम दम मस्त कलंदर, ये तूने क्या किया,और मेरा पिया घर आया जैसे लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया। विशेष रूप से सूफियाना रंग में सजे गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। धनंजय और नीतीश की जुगलबंदी, सुरों की मिठास और मंच पर उनकी ऊर्जा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रियाओं के साथ कलाकारों का भरपूर उत्साहवर्धन किया। द सूफी ख्याल बैंड की शानदार प्रस्तुतियों के साथ देवा मेले की सांस्कृतिक शाम संगीत, सुर और सूफियाना अंदाज के नाम रही।











