बाहरी जिले के व्यापारियों को निशाना बनाते थे बदमाश
रुदौली व सहादतगंज में कई घटनाओं को दे चुके थे अंजाम
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। नेशनल हाइवे पर गौरियामऊ के पास पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों का गिरोह 5 जिलों में फैला है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोचने का प्रयास करेगी। गिरफ्तार बदमाशों से पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली है।
पुलिस अब इन्हीं सुरागों के साथ गिरोह का काकश तोड़ेगी। रुदौली व अयोध्या में व्यापार के सिलसिले में प्रदेश के दूसरे जिले व अन्य प्रदेशों से बड़े व्यापारी आते हैं। कभी कभी व्यापारी वसूली करने भी आते है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन से ही ऐसे व्यापारियों के आगे पीछे गिरोह के सदस्य लग जाते थे। मौका पाते ही लूट की वारदात को अंजाम दे देते हैं। अप्रैल माह में ऐसी ही घटना इन बदमाशों ने नेशनल हाइवे पर स्थित प्रिंस ढाबे पर अंजाम दिया था। अलीगढ़ का एक व्यापारी अयोध्या बस स्टेशन से बस पर सवार होकर वापस अलीगढ़ जा रहा था। गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि व्यापारी की बोली व कपड़े देखकर अंदाजा लगाया गया कि यह बाहर का व्यापारी है।
सहादतगंज बाईपास पर उसी बस पर बदमाश सवार हो गये जिस बस पर अलीगढ़ का व्यापारी सवार था। जब बस रुदौली स्थित प्रिंस ढाबे पर रुकी और बस के अधिकतर यात्री नाश्ता करने उतर गए। तभी बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए। बैग में दो लाख 96 हजार रुपये थे। गिरोह के दो सदस्य जहां बस पर सवार थे वही दो सदस्य वाहन लेकर पहले से ढ़ाबे पर खड़े थे। लूटने के बाद वाहन पर सवार होकर बदमाश भाग निकले। ऐसी ही दो घटनाएं कोतवाली नगर क्षेत्र में इन बदमाशों ने अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि होटलों के इर्द-गिर्द बदमाश टहला करते हैं और व्यापारी की हर गतिविधि पर नजर गड़ाए रहते थे। मौका मिलने पर घटना को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश तेज कर दी गयी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।