काराकाट लोस प्रभारी सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य का बयान जारी
कहा— मुझे गर्व है कि मेरा खून युवाओं के हक के लिये है
राजेंद्र प्रसाद
सासाराम, रोहतास (बिहार)। जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के काराकाट लोकसभा प्रभारी सह प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि बिहार में युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाली सरकार तथा शिक्षकों के साथ नाइंसाफी को लेकर 13 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना में शांतिपूर्ण मार्च निकाला गया था। इस दौरान महागठबंधन के मुखिया नीतीश कुमार के इशारे पर पुलिस बल के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी-डंडों से पीटा गया। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसमें जहानाबाद के भाजपा के महामंत्री विजय कुमार सिंह की मृत्यु हो गई। श्री सिंह ने बताया कि बिहार की सरकार वर्तमान में जनरल डायर की भूमिका निभा रही है। अपना हक मांगने वाले लोगों पर लाठियां बरसा रही है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह 13 जुलाई को घटना को अंजाम दिया गया है, यह पूरी तरह से सोची—समझी साजिश थी। यह बिहार के लिए कला दिन था। नीतीश कुमार पहले ही मन बना चुके थे कि भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करना है और वे सफल भी हुए। जिस तरह से कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठियां बरसाई जा रही थी इससे नहीं लगता कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां बरसाई जा रही है, क्योंकि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कार्यकर्ताओं के पैर या कमर पर लाठियां बरसाई जाती है परन्तु पुलिस सीधे कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठियां बरसा रही थी, जिससे यह साबित होता है कि नीतीश कुमार के इशारे पर बिहार के पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठियां बरसा कर उन्हें जान से मारना चाहती है।
श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार इतने निचले स्तर की राजनीति करेंगे इसका कभी उम्मीद नहीं किया गया था। हमें गर्व महसूस होता है कि हम लोगों ने यहां के युवाओं के हक के लिए लड़े और आगे भी लड़ते रहेंगे। नीतीश कुमार के द्वारा बरसाए गए लाठी-डंडे से भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है, क्योंकि हम लोग बिहार के लोगों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि इस हक की लड़ाई में शहीद हुए हमारे एक साथी की मौत को भी सरकार झुठला रही हैं। हम लोग पुलिसकर्मियों पर मिर्ची पाउडर फेंके हैं तो सरकार उसका वीडियो फुटेज क्यों नहीं उपलब्ध कराया जबकि डाक बंगला चौराहे पर चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद वहां की पुलिस ने मिर्ची फेंकने का एक भी प्रमाण नहीं दिए। इससे साबित होता है कि सरकार पहले से ही तैयारी में थी। वहीं मौके पर मौजूद प्रेस वार्ता की अध्यक्षता कर रहे रोहतास जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये कहा कि जो वह मंजर था वह काफी भयावह था, क्योंकि पुलिस लाठियां बरसा रही थी, वह भी कार्यकर्ताओं के सिर पर। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी, जिला महामंत्री विजय सिंह, प्यारे लाल ओझा, अशोक शाह, जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी इं. पुलकित सिंह, बबल कश्यप, नवीनचंद शाह, रोहित राज, शशि भूषण प्रसाद, आर्यन सिंह, दीपक कुमार आदि शामिल थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












