जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होंगे विशेष अभियान दिवस

  • जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होंगे विशेष अभियान दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक निर्धारित की गई है। इस दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने तथा वर्तमान मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच एवं आवश्यक संशोधन कराने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद चन्दौली के समस्त मतदेय स्थलों पर 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जायेंगे।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास 17 नवम्बर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। साथ ही बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, ताकि पात्र नागरिक नए मतदाता पंजीकरण, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम विलोपन संबंधी आपत्ति तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकें। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए जनपद के जिला सम्पर्क केंद्र के दूरभाष नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के एनवीएसपी पोर्टल एवं वोटर हेल्पलाइन एप्प पर उपलब्ध बुक ए कॉल विथ बीएलओ‘ सुविधा का उपयोग कर अपने बूथ लेवल अधिकारी से कॉल बुक कर सकते हैं तथा मतदाता सूची से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं सहित अन्य वंचित पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लेते हुए अभियान को जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाए। सामाजिक संगठनों एवं अन्य स्थानीय संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाय। उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरोओ) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराया जाय।