कालेज में गूंजा बाल अधिकारों का संदेश, छात्राओं ने ली कुरीतियों को मिटाने की शपथ

तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। नजीबुद्दौला गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या शबाना परवीन के निर्देशन में उपप्रधानाचार्या हीना आबिद ने बाल विवाह एवं बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रियंका दिवाकर (महिला कल्याण विभाग), ग्रामीण समाज विकास केंद्र से दिव्यांशु जी और आफरीन उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथि दिव्यांशु जी ने छात्राओं को बाल विवाह एवं बाल श्रम के विरुद्ध शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन हैं। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और अपना बचपन जीने का अधिकार है। हमें न बाल विवाह को बढ़ावा देना चाहिए और न ही बच्चों से मजदूरी करानी चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह इन कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाये और दूसरों को भी जागरूक करे। उपप्रधानाचार्या हिना आबिद ने छात्राओं को बाल विवाह एवं बाल श्रम से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है तथा बाल श्रम बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने आस—पास के लोगों को जागरूक करने की अपील किया।
कार्यक्रम अधिकारी गज़ाला मुमताज़ ने भी छात्राओं को बाल विवाह एवं बाल श्रम से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने और सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। समाज से इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। स्वयंसेविकाओं एवं छात्राओं ने बाल विवाह और बाल श्रम को रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में रिहाना तबस्सुम, हूमा परवीन, शगुफ्ता, निशात ,शबाना, नाज़मीन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज को बाल विवाह, बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश देना रहा।







