विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विशेष अभियान तिथियां तय

  • विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विशेष अभियान तिथियां तय

  • 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक प्राप्त किये जायेंगे दावे व आपत्तियां

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय सारिणी का निर्धारण कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पाण्डेय ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन 17 नवम्बर को होगा तथा दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक होगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसम्बर तक किया जायेगा तथा 04 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 21, 22, 28 व 29 नवम्बर 2026 विशेष अभियान तिथियां होंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों में जनपद के समस्त बूथ लेवल आफिसर अपने मतदेय स्थलों पर पूर्वान्ह 10.00 बजे से सायं 4.00 बजे तक उपस्थित रहकर दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करेंगे। विशेष अभियान की तिथियों के अतिरिक्त जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थलों पर पदाभिहित अधिकारी द्वारा दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। विशेष अभियान के दौरान दावे तथा आपत्तियों से सम्बंधित फार्म समस्त बूथ लेवल आफिसर तथा पदाभिहित अधिकारी के पास उपलब्ध रहेगा। पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष अभियान की तिथियों में समस्त सुपरवाइज़र, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त अर्ह मतदाताओं से अपेक्षा किया कि नामावली में नाम सम्मिलित करने के लिए प्रारूप-6, मृतक शिफ्टेड तथा रिपीटेड होने पर निर्वाचक नामावली से नाम काटने के लिए प्रारूप-7 तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन करने के लिए प्रारूप-8 भरकर आवश्यक अभिलेख के साथ सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर के पास अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।