असंतृप्त पात्रों के शत—प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये 31 दिसम्बर तक संचालित होगा अभियान

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनान्तर्गत जनपद के विभिन्न श्रेणियों में पात्र अवशेष लाभार्थियों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं जीरो पावर्टी के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से शत—प्रतिशत आच्छादित किये जाने के उद्देश्य से शासन एवं जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय के निर्देश तथा मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता के मार्गदर्शन में 31 दिसम्बर तक अभियान संचालित योजना से असंतृप्त सभी पात्र लोगों के आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनान्तर्गत आयुष्मान कार्ड बनाये जायेंगे।
अभियान के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के लिए कार्यों एवं दायित्व का निर्धारण किया गया है। जनपद, ब्लाक, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर अभियान से सम्बन्धित गतिविधियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वयन हेतु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्रंट लाइन वर्कर्स को अभियान के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु योजनान्तर्गत छूटे परिवार के सदस्यों तथा 70 वर्ष के अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की सूची उपलब्ध कराना होगा तथा अभियान की मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण तथा विश्लेषण करते हुये गतिविधियों का अनुश्रवण भी करना होगा।
नगर विकास विभाग द्वारा नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला निगरानी समितियों के माध्यम से निरन्तर जागरूकता अभियान संचालित करने हेतु प्रभावी अनुश्रवण हेतु पर्यवेक्षक नामित करते हुए छूटे पात्र लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड बनाने में अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जायेगा। पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ग्राम प्रधान/प्रशासक एवं पंचायत सहायक को अपने ग्राम में अभियान के लिए नोडल नामित करते हुए योजनान्तर्गत छूटे हुये परिवार के सदस्यों तथा 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत कार्ड बनाये जाने में ग्राम पंचायत सचिवालय में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मुनादी सहित अन्य गतिविधियों के द्वारा ग्रामवासियों को जागरूक किया जायेगा। सूचना विभाग को निर्देश दिया गया है कि सभी स्तरों पर विभिन्न विभागों से नियमित संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर विभागों द्वारा अभियान अन्तर्गत की जा रही कार्यवाही तथा गतिविधियों की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अपने क्षेत्र के योजनान्तर्गत छूटे हुये परिवार के सदस्यों तथा 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत कार्ड बनाये जाने हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगी। आशा कार्यकत्री, आगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा अपने क्षेत्र में चलाये जा रहे अभियान में गृहभ्रमण तथा सम्बन्धित गतिविधियों में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। ऐसे नगरीय क्षेत्र जहां आशा कार्यकर्ता तैनात नहीं है परन्तु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपलब्ध है, वहां आंगनबाड़ी कार्यकार्ता द्वारा अभियान हेतु कार्ययोजना तैयार कर घर-घर भ्रमण कर गोल्डेन कार्ड बनाये जाने से सम्बन्धित गतिविधियां सम्पादित की जाएंगी। अपने क्षेत्र के योजनान्तर्गत छूटे हुये परिवार के सदस्यों तथा 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों की सूचना सम्बन्धित चिकित्साधिकारी/सामुदायिक चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराना करायेंगी।
खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिया गया कि नगरीय क्षेत्र में कोटेदार के माध्यम से अभियान के अन्तर्गत क्षेत्र के छूटे परिवारों के सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग प्रदान करेंगे। चूंकि टीपीएचएच एवं एसटीपीएचएच श्रेणियों के अन्तर्गत अधिकतम अवशेष लाभार्थियों का डेटा राशन कार्ड से सम्बन्धित है, उक्त के दृष्टिगत लाभार्थियों के संतृप्तिकरण में कोटेदारों का सहयोग महत्वपूर्ण है। चिकित्सा शिक्षा विभाग से अपेक्षा की गई है कि महर्षि बालार्क चिकित्सालय में आने वाले मरीज़ों एवं तीमारदारों को जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाए तथा पंजीकरण काउण्टर के पास आयुष्मान कियोस्क भी स्थापित किया जाय।
शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है प्राइवेट एवं सरकारी स्कूलों के अध्यापकों द्वारा अभिभावकों एवं अध्यापकों को योजना तथा अभियान के बारे में जागरूक किया जाये ताकि छूटे हुये परिवार के सदस्यों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक यदि उनके घर या परिवार में हैं तो उनका आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सके। शिक्षा विभाग से निर्देशित किया गया है कि पुस्तकों के वितरण के समय योजना के बारे में अभिभावकों को जागरूक करें। इसके अतिरिक्त पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, क्विज प्रतिस्पर्धा, निबंध लेखन इत्यादि माध्यमों से छात्रों को योजना के विषय में सक्रिय सहभागिता के साथ जागरूक किया जाय तथा विभाग द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी गतिविधियों में अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाय।







