शुआट्स एवं नाबार्ड ने राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के माध्यम से युवाओं को किया प्रेरित

  • शुआट्स एवं नाबार्ड ने राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के माध्यम से युवाओं को किया प्रेरित

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। सैम हिगिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (शुआट्स) ने नाबार्ड के सहयोग से शुक्रवार को विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशालय में राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उद्यमिता के अवसरों और संभावनाओं को सुदृढ़ एवं विकसित करना” था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कृषि व्यवसाय, कृषि प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण तथा ग्रामीण उद्यमों के क्षेत्र में उपलब्ध नवीन एवं रचनात्मक अवसरों के प्रति जागरूक और प्रेरित करना था। कार्यक्रम में नाबार्ड की डीडीएम शोभना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
वहीं प्रो. दीपक लाल अधिष्ठाता स्नातकोत्तर अध्ययन एवं निदेशक आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन एवं मूल्यांकन ने मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. वीपी शाही, संयुक्त निदेशक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित विशेषज्ञ वक्ताओं प्रो. एसी पांडेय (इलाहाबाद विश्वविद्यालय), डॉ. श्रद्धा रावत (SHUATS), एसके पांडेय (वित्तीय साक्षरता केंद्र, बैंक ऑफ बड़ौदा) तथा सुरेंद्र सामला (लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा, प्रयागराज) ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उद्यमिता की संभावनाओं, वित्तीय साक्षरता तथा विभिन्न संस्थानों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सहयोग एवं सुविधाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कृषि उद्यमिता के विकास में नवाचार, आधुनिक तकनीक एवं वित्तीय समावेशन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी, नवाचारकर्ता एवं ग्रामीण आर्थिक विकास के अग्रदूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. अजय सिंह (संयोजक) एवं डॉ. आरएन शुक्ला (सह-संयोजक) के नेतृत्व में किया गया। आयोजन सचिव डॉ. आदित्य लाल रहे। आयोजन समिति के अन्य सदस्यों में डॉ. हेना इम्तियाज, डॉ. नितिन बार्कर, डॉ. अखिलेश बिंद, डॉ. शिल्पा राणा एवं डॉ. शैलेन्द्र के सिंह शामिल रहे।