सराय रजई में उमड़ा जनसैलाब, सदर विधायक ने बाबा साहब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र सिंह
पट्टी, प्रतापगढ़। संविधान दिवस पर सराय रजई स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भव्य कार्यक्रम किया गया जहां ग्रामीणों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचे सदर प्रतापगढ़ के विधायक राजेंद्र मौर्य ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पार्क परिसर बाबा साहब के सम्मान में लगाए गए नारों से गूंज उठा। ग्राम प्रधान राम कलप यादव ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर विधायक राजेंद्र मौर्य का स्वागत किया और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने भारतीय संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और न्याय के सिद्धांतों को याद किया। इस मौके पर सभी ने एक स्वर में संविधान की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा समाज में आपसी भाईचारा और समरसता मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन में सराय रजई ग्राम सभा के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और स्थानीय निवासियों की बड़ी संख्या में सक्रिय भागीदारी रही जिससे पूरा कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायी रहा।







