संविधान दिवस पर पूरनपुर को मिली सौगात
10 गांवों के आंबेडकर पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण, सीएम ने किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। संविधान दिवस पर पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के 10 गांवों में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्कों के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। विधायक बाबूराम पासवान के विशेष प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत इन पार्कों की बाउंड्री वॉल और छत्र निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ से प्रदेशभर में लाइव प्रसारण के माध्यम से इस सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पूरनपुर विधानसभा के ग्राम मटेहना में आयोजित किया गया जहां विधायक बाबूराम पासवान ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर क्षेत्रीय नागरिकों के साथ इस पल का साक्षी बनते हुए अपनी खुशी जाहिर किया। योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के मल्लपुर खजुरिया, बंदरबोझ, हमीरपुर, बिलंदपुर अशोक, सोंधा, मटेहना, नवदिया दुर्जनपुर, मढ़ा खुर्द कला, बुधेली और माधोटांडा गांवों के आंबेडकर पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं विधायक श्री पासवान ने कहा कि यह पहल बाबा साहेब के प्रति सच्चे सम्मान और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को दर्शाती है। उन्होंने पूरनपुर की समस्त जनता की ओर से इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







