ट्रैक्टर की टक्कर से रोडवेज बस क्षतिग्रस्त
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
बिवांर, हमीरपुर। स्थानीय कस्बे में सुबह करीब 5:30 बजे रोडवेज बस और ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा गईं। हादसे में सात यात्री घायल हुए। इनमें बस चालक, महिला परिचालक और पीईटी परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राएं शामिल हैं। राठ डिपो की बस सुबह करीब 4:30 बजे राठ से हमीरपुर के लिए निकली थी। बिवांर में हीरानंद डिग्री कॉलेज के सामने बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हुई। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ईंटें सड़क पर बिखर गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बस की चालक वाली तरफ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस कुछ दूर तक आगे बढ़ती रही। घबराए कुछ यात्री खिड़कियों से कूद गए और चोटिल हो गए। पीईटी परीक्षा देने जा रहीं मधु राजपूत और आकांक्षा शामिल हैं। बस चालक लक्ष्मी नारायण निवासी रूरीपारा और महिला परिचालक रीता भी घायल हुई हैं। रीता के सिर में चोट लगी है। घायलों को दो 108 एंबुलेंस से सीएचसी छानी ले जाया गया। वहां से सात घायलों को जिला अस्पताल हमीरपुर भेजा गया। उपचार के बाद तीन घायलों को गंभीर हालत में रेफर किया गया। बस में सवार सब्जी विक्रेता ताहिर, जो मुस्करा के रहने वाले हैं, ने बताया कि हादसे के समय कुछ यात्री सो रहे थे। अचानक टक्कर होने से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। ताहिर के पैरों में भी चोट आई है। सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि हादसे में 7 यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली है। ट्रैक्टर चालक मौके पर नहीं मिला। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।











