भावों के रंगों में सजा रंग-मंथन
सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में मना स्थापना दिवस
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में विद्यालय के 8वें स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव ‘रंगमंथन’ का आयोजन भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। भारतीय संस्कृति के नवरसों पर आधारित इस विशेष आयोजन ने दर्शकों को भावनाओं की अद्भुत यात्रा का अनुभव कराया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शैक्षणिक सम्मान समारोह एवं यूकेजी ग्रेजुएशन सेरेमनी ने पूरे कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात गणितज्ञ एवं सुपर—30 के संस्थापक आनंद कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के गणमान्य सदस्यों, अभिभावकों तथा उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन के इस पावन क्षण ने पूरे वातावरण को गरिमा और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम की थीम ‘नवरस’ पर आधारित रही जिसमें विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय कला और संस्कृति की भावनात्मक समृद्धि को सजीव रूप में मंच पर प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत हास्य रस आधारित प्रस्तुति ने पूरे सभागार को हँसी और उल्लास से भर दिया। वहीं शृंगार रस पर आधारित राधा-कृष्ण नृत्य ने सौंदर्य, माधुर्य और भक्ति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। करुण रस की प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव—विभोर कर दिया। विद्यार्थियों के प्रभावशाली अभिनय और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने सभी के हृदय को छू लिया। कक्षा 5 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भयानक रस की प्रस्तुति रोमांच और नाटकीयता से भरपूर रही जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वात्सल्य रस ने अपनी मासूम अदाओं से सभी को मंत्र—मुग्ध कर दिया। वहीं भक्ति रस की प्रस्तुति ने वातावरण को श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में हमारे महान वीर योद्धाओं के साहस और पराक्रम को दर्शाती वीर रस आधारित प्रस्तुति अत्यंत प्रेरणादायक रही, जिसने दर्शकों में गर्व और उत्साह का संचार किया। इसके अतिरिक्त महाभारत पर आधारित नृत्य-नाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय, नृत्य और मंचन कौशल से महाभारत के प्रसंगों को सजीव कर दिया जिसे उपस्थित जनसमूह ने भरपूर सराहा।
इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा यूकेजी ग्रेजुएशन सेरेमनी ने समारोह में भावनात्मक गरिमा जोड़ दी। विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं ने पूरे कार्यक्रम को भव्य सफलता प्रदान की। अंत में मुख्य अतिथि आनंद जी ने कहा कि “परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता के मूल मंत्र हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” विद्यालय के चेयरमैन डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा कि “विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है। ‘रस-मंथन’ जैसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को विकसित करने के प्रभावी माध्यम हैं।”
विद्यालय की डायरेक्टर प्राप्ति गुप्ता ने धन्यवाद संदेश में कहा कि “हर बच्चा अद्वितीय प्रतिभा का धनी होता है और ऐसे आयोजन उस प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियाँ विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतिबिंब हैं।” विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया गज़ाला कौसर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “‘रंग-मंथन’ हमारे विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, शिक्षकों के परिश्रम और अभिभावकों के सहयोग का सुंदर उदाहरण है। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” पूरे आयोजन ने विद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक समृद्धि और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया तथा उपस्थित सभी लोगों के मन में अविस्मरणीय छाप छोड़ दी।
इस अवसर पर प्रबंधक समिति के सदस्य डॉ. प्रदीप गुप्ता, अरिजीत घोष (वाइस प्रेसिडेंट जयपुरिया स्कूल ग्रुप), दीपिका सिंह (ऑपरेशन हेड जयपुरिया स्कूल ग्रुप), प्रज्ञा जी (जयपुरिया कॉर्पोरेट प्रतिनिधि), केंद्रीय विद्यालय सीतापुर के प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



