तेजस टूडे सं.
धनेश रावत
कोल, अलीगढ। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय ने अपना चतुर्थ स्थापना दिवस को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर के प्रशासनिक भवन में आयोजित हवन-यज्ञ से हुआ जहां कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आहुति प्रदान किया।
दूसरे सत्र में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रख्यात संगीतज्ञ प्रो. जॉनी फास्टर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के जीवन, उनके व्यक्तित्व और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “राजा महेंद्र प्रताप सिंह केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि शिक्षा और मानवीय मूल्यों के संवाहक भी थे। विश्वविद्यालय का यह चतुर्थ स्थापना दिवस उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। मैं इस विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देता हूँ।” अंत में उन्होंने अपनी मशहूर ग़ज़लों से भी सभी का दिल जीत लिया।
कुलपति प्रो. सिंह ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह विश्वविद्यालय राजा महेंद्र प्रताप सिंह के आदर्शों और विचारों पर आधारित है। हमारा विजन है कि आने वाले वर्षों में हम इस विश्वविद्यालय को शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक मूल्यों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाएँ। छात्रों और शिक्षकों का संयुक्त प्रयास ही हमें नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।” धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रो. अंजना कुमारी ने कहा कि “यह दिवस हमें जहां राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को याद करने का अवसर देता है, वहीं हमें प्रेरित करता है कि हम विश्वविद्यालय को ज्ञान, शोध और समाज सेवा का केंद्र बनाएँ। मैं सभी अतिथियों और विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करती हूँ जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।”
डॉ. शाहनवाज खान ने कहा कि “विश्वविद्यालय का यह स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे लिए आत्ममंथन का अवसर है। हमें देखना होगा कि शिक्षा के क्षेत्र में हम किस प्रकार नए प्रयोग करें और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करें।” कार्यक्रम में छात्रों द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई जिसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और विकास यात्रा को दर्शाया गया।
कुलपति प्रो नरेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्य अतिथि प्रो. जॉनी फास्टर को कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा लिखित पुस्तक “चुनौतियां मुझे पसंद हैं” उपहार स्वरूप भेंट की। मंच संचालन एम.ए. राजनीति विज्ञान के छात्र शिव कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर कुलसचिव वी.के. सिंह, वित्त अधिकारी सुदर्शन, उपकुलसचिव पवन कुमार, प्रो. गीतिका, प्रो. कृष्णा अग्रवाल, डॉ. पुष्पेंद्र यादव, विश्वविद्यालय मीडिया प्रभारी गगन प्रताप सिंह, डॉ अशोक शर्मा, डॉ. केशव शर्मा, डा. हरज्ञान सिंह, डा. सुरभि गुप्ता, डा. कीर्ति राजपूत, डॉ बबिता शर्मा, डॉ मनीषा गुप्ता, डा. विष्णु उपाध्याय सहित समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






