कुएं में मासूम बच्ची का शव मिलने की सूचना पर खलबली

अजय जायसवाल
प्रतापगढ़। पुलिस को फोन पर मासूम बच्ची का शव कुएं में मिलने की सूचना मिली। इससे खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो सूचना झूठी निकली। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमईपुर कोतवाली देहात के प्रमोद पटेल पुत्र राम निहोर पटेल ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दिया कि मेरी सात वर्षीय बेटी सोनाली दो दिन से गायब है। उसका शव भुपियामऊ ओवरब्रिज के पास एक कुएं में मिला है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम कुएं के पास पहुंच गई। कुएं में कांटा डालकर तलाश की तो उसमें एक साड़ी के अलावा कुछ भी नहीं मिला। फर्जी सूचना देने वाले प्रमोद कुमार को पुलिस अपने साथ ले गई। गांव वालों की माने तो प्रमोद आये दिन शराब पीकर पत्नी व बच्चों को बहुत परेशान करता है। इस वजह से उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। फर्जी सूचना देने वाले युवक से पूछताछ की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














