मुख्यमंत्री ने गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर गोरखपुर को दी 502 करोड़ की सौगात

  • मुख्यमंत्री ने गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर गोरखपुर को दी 502 करोड़ की सौगात

  • 17650 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू का आदान-प्रदान

  • गोरखपुर ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट का किया उद्घाटन

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत के मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव रखी जा सकती है। विकास की यही गति उत्तर प्रदेश की प्रगति का आधार है। इसी संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर गोरखपुर को 502 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने इन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही गोरखपुर ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट का उद्घाटन तथा चकभोप आवासीय योजना और गीडा की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में निवेश लाने के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। गोरखपुर सहित पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 104 विकास परियोजनाओं के माध्यम से औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। इससे उद्योगों की स्थापना और संचालन को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आवासीय एवं औद्योगिक भूखंडों के लाभार्थियों को आवंटन-पत्र वितरित किये। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। नवीन औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से 17,650 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों से संबंधित एमओयू का भी आदान-प्रदान हुआ। इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से गोरखपुर सहित आस—पास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट का उद्घाटन कर स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और उत्पादकों को अपने उत्पादों की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करने की पहल को भी आगे बढ़ाया। ट्रेड शो के माध्यम से स्थानीय उद्योगों, पारंपरिक उत्पादों और उद्यमियों को एक मंच मिलेगा। इससे कारोबार के नए अवसर विकसित होने के साथ छोटे और मध्यम उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने चकभोप आवासीय योजना का शुभारंभ कर नियोजित आवासीय विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। गीडा की नई वेबसाइट के शुभारंभ से निवेशकों और उद्यमियों को प्राधिकरण से जुड़ी जानकारियां डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा। इससे औद्योगिक निवेश से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम गोरखपुर के औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। 502 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं, 17,650 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों और रोजगारपरक पहलों के जरिए पूर्वांचल को औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयासों को गति मिली है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि डबल इंजन की सरकार केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर परिणाम देने में विश्वास करती है। गोरखपुर में औद्योगिक निवेश, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास इसी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उक्त अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।