जिला पोषण समिति की बैठक में पोषण कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक हुई जहां जनपद में संचालित पोषण कार्यक्रमों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का सही तरीके से वजन एवं मापन कराते हुए पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित की जाय।
उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।साथ ही कहा कि पोषाहार वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों का शत-प्रतिशत डाटा दर्ज करने के साथ ही एफआरएस के माध्यम से सभी पात्र लाभार्थियों को पोषाहार वितरण सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि आरबीएसके (RBSK) टीम द्वारा चिह्नित कुपोषित बच्चों को समय से पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराया जाए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित का मानदेय रोकने की कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी आदि उपस्थित रहे।







