मकान पर बदमाशों का धावा, दम्पत्ति को घायल कर लूटे लाखों
आरके धनगर
मथुरा। महावन थाना क्षेत्र के गांव आनंद गढ़ी के पास बीतीरात बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर दंपत्ति को घायल कर दिया और लाखों रुपये का सामान लूटकर ले गए। डकैती की सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने घायल दम्पत्ति को बलदेव के स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया है, वहीं आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। गौरतलब हो कि शुक्रवार को कालीचरन अपनी भांजी का भात लेकर थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव बुरावई गए थे। घर पर मुकेश, उनकी पत्नी रचना और एक बालिका ही रह गए थे।
मुकेश को घर के बाहर कुछ लोगों के होने का शक हुआ तो उन्होंने बाहर आकर देखा जहां दरवाजे के पास घात लगाए हथियार बंद बदमाशों को मुकेश को दबोच लिया। उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उनकी पत्नी रचना से दरवाजा खुलवाया। रचना ने बदमाशों का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद बदमाश 3 लाख 50 हजार रुपये, सोने की चूड़ी, चांदी की पायल और अन्य कीमती सामान को लूट कर ले गए। शनिवार सुबह मुकेश ने बताया पांच-छह बदमाश थे। बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक लूटपाट की। सूचना पर रात को ही थाना महावन पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। घायल दंपती को छौली स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। थाना प्रभारी अमर सिंह परमार ने बताया, आनंदगढ़ी में घटना हुई है और दम्पत्ति के साथ मारपीट भी हुई है, मगर मामला संदिग्ध लग रहा है।