माघ मेला के दृष्टिगत 4 दिसम्बर को होगा गंगा पूजन

  • माघ मेला के दृष्टिगत 4 दिसम्बर को होगा गंगा पूजन

  • मंडलायुक्त ने मेला अधिकारी सति अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। आगामी माघ मेला-2027 को सुगम, सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने तथा सभी तैयारियों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने शुक्रवार को मेला अधिकारी ऋषि राज सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम सेक्टर-1 में पोंटून नंबर-1 (महावीर पोंटून ब्रिज) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे इन कार्यों की प्रगति एवं निर्माण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने संगम नोज एवं गंगा पट्टी पर कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। जहां भी गंदगी पाई गई, वहां तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर बोरियां लगवाने तथा श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े जाने वाले फूल एवं दीपकों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने संगम अपर पर विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे विद्युत पोलों के कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा विद्युत व्यवस्था के दृष्टिगत अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बोट से मेला क्षेत्र के अन्य हिस्सों, झूंसी एवं यमुना पट्टी पर कराए जा रहे लैंड लेवलिंग के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने गंगा एवं यमुना के जलस्तर की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जलस्तर में कमी आने के साथ ही परिस्थितियों के अनुरूप घाटों के निर्माण का कार्य समयबद्ध ढंग से प्रारंभ कराया जाए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को 15 दिसंबर तक अपनी विस्तृत कार्ययोजना पार्ट चार्ट सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में उनके निर्देशानुसार 4 दिसंबर को गंगा पूजन की तिथि निर्धारित की गई है। इसके उपरांत मंडलायुक्त ने एनएचएआई एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सिक्स लेन ब्रिज के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करके प्रगति की समीक्षा किया। इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने अवगत कराया कि मलाका से स्टेनली रोड की ओर आने वाले ब्रिज की राइट हैंड साइड की तीन लेन 15 दिसंबर तक यातायात के लिए तैयार कर दी जाएंगी। इससे माघ मेले के दौरान लखनऊ, प्रतापगढ़ एवं अयोध्या से प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर एवं माघ मेला क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिये।