तबियत बिगड़ने से मजदूर की हुई मौत
गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य में लगी कम्पनी में कार्य करता था मृतक
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य में लगी कंपनी में कार्यरत मजदूर की बीती रात प्लांट के अंदर अचानक तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन साथी श्रमिकों ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर दिया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव लेकर प्लांट पहुंचे तो गेट नहीं खोला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला माखी थाना क्षेत्र के सलेमपुर स्थित प्लांट का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आसीवन थाना क्षेत्र के नौहाई खुर्द गांव के रहने वाले महावीर 19 पुत्र भैया लाल गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण में लगी पटेल इंटरप्राइजेज में मजदूरी कर रहा था। बीती देर रात प्लांट के अंदर सोते समय उसके पेट में तेज दर्द उठा। जिस पर साथी मजदूरों ने उसे मियागंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाए और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सीएचसी के डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार भोर पहर जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर आशीष ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन मुआवजे की मांग के लिए शव लेकर सलेमपुर स्थित प्लांट पहुंचे लेकिन वहां गेट नहीं खोला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक 5 भाइयों व 3 बहनों में चौथे नंबर का था। उसकी मां अनीता मूक बधिर है। जवान बेटे की मौत पर मां समेत परिजन रो रोकर बेहाल होते रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











