Jaunpur News: घर के बाहर खड़ी बाइक पर चोरों ने किया हाथ साफ, बाग में जली मिली

  • घर के बाहर खड़ी बाइक पर चोरों ने किया हाथ साफ, बाग में जली मिली

  • रात में घर के बाहर खड़ी करके सोने चला गया था युवक

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। रात के अंधेरे में घर के बाहर खड़ी बाइक कब गायब हो गई, इसकी भनक तक घरवालों को नहीं लगी। सुबह जब नींद खुली और दरवाजे पर नजर पड़ी तो बाइक अपनी जगह से नदारद थी। पहले लगा कि शायद किसी ने इधर-उधर खड़ी कर दी हो लेकिन काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो चोरी की आशंका गहराने लगी। इसी बीच घर के समीप स्थित एक बाग से बाइक जली हुई हालत में बरामद होने की चर्चा ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया।
मामला खेतासराय थाना क्षेत्र के खुदौली गांव का है। गांव निवासी अमन सिंह पुत्र स्व. वीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। इसके बाद वह रोजमर्रा की तरह घर के अंदर सोने चले गए। रात के सन्नाटे में किसी वक्त चोरों ने घर के बाहर खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि बाइक ले जाने की भनक न उन्हें लगी और न ही परिवार के अन्य सदस्यों को।
शुक्रवार की सुबह जब बाइक अपनी जगह पर नहीं मिली तो परिजनों के होश उड़ गए। पहले आस—पास के लोगों से जानकारी ली गई, फिर घर के आस—पास और आने-जाने वाले रास्तों पर काफी खोजबीन की गई। उम्मीद थी कि कहीं आसपास बाइक मिल जाएगी लेकिन हर कोशिश बेनतीजा रही। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई।
इसी दौरान घर के समीप स्थित एक बाग में जली हुई बाइक मिलने की चर्चा सामने आई। बाइक चोरी होने और फिर जली हालत में मिलने की बात ने घटना को सामान्य चोरी से कहीं अधिक गंभीर बना दिया। आखिर चोर बाइक को घर से उठाकर बाग तक क्यों ले गए? क्या पहचान छिपाने के लिए उसे आग के हवाले किया गया? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बाग में मिली जली बाइक चोरी की गई बाइक ही है या नहीं और इस घटना के पीछे किन लोगों का हाथ है।