केराकत में दिखी मानवता एवं सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल
प्रधान ने 700 जरूरतमन्दों में उच्च गुणवत्ता वाले कम्बल किये वितरण
5 वर्षों से जारी है सेवा की परम्परा, लोगों ने बताया सराहनीय पहल

तेजस टूडे सं.
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बसगीत गांव में शुक्रवार को मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कड़ाके की ठंड को देखते हुए ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू ने लगातार 5वें वर्ष जरूरतमंदों की मदद की परंपरा को कायम रखते हुए 700 लोगों में गर्म कंबलों का वितरण किया। उन्होंने जरूरतमंदों को उच्च गुणवत्ता वाले सात किलो वजनी डबल बेड के कंबल वितरित किए। कंबल पाते ही लोगों के चेहरों पर खुशी और राहत की मुस्कान देखने को मिली। इस अवसर पर ग्राम प्रधान की पत्नी गुलाबबेन यादव, सतीश यादव, राम समुझ यादव, फूलचंद यादव, विजय बहादुर यादव, रामजन्म यादव, अशोक यादव, बलिराज विश्वकर्मा, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जरूरतमन्दों की सेवा करना मेरे लिये सबसे बड़ा है संतोष: राम प्रसाद
इस दौरान ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू ने भावुक अंदाज में कहा कि यह कंबल वितरण मात्र एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मेरा प्रेम, मेरा गांव और मेरा परिवार है। गांव के हर जरूरतमंद व्यक्ति को अपना परिवार मानता हूं। ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो, इसी भावना के साथ हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है। जरूरतमंदों की सेवा और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा होना ही मेरे लिए सबसे बड़ा संतोष है। उन्होंने भविष्य में भी समाजसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
कम्बल वितरण करना सामाजिक जिम्मेदारी और गांव के प्रति समर्पण का है परिचायक
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 5 वर्षों से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण करना सामाजिक जिम्मेदारी और गांव के प्रति समर्पण का परिचायक है। ऐसे कार्यों से जरूरतमंद परिवारों को ठंड में राहत मिलने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना भी मजबूत होती है।







