HomeJaunpurJaunpur News: साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता विकसित करें विद्यार्थी:...

Jaunpur News: साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता विकसित करें विद्यार्थी: कुलपति

  • साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता विकसित करें विद्यार्थी: कुलपति

  • सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट की बारीकियां पर हुई चर्चा

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ विषय पर आयोजित छह दिवसीय कार्यशाला के द्वितीय दिवस में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला में मुख्य विषय विशेषज्ञ के रूप में देश के प्रख्यात साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. अनूप गिरधर ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा और सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट के क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि और सहभागिता इसी प्रकार बनी रही तो विश्वविद्यालय द्वारा भविष्य में और भी अधिक प्रायोगिक एवं इंडस्ट्री ओरिएंटेड कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा के साथ व्यावहारिक तकनीकी ज्ञान प्राप्त हो सके।

तकनीकी सत्र में विषय विशेषज्ञ डॉ. अनूप गिरधर ने विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग की मूलभूत अवधारणाओं से लेकर सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट के तकनीकी पक्ष को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट आर्किटेक्चर के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि सुरक्षित और मजबूत एप्लीकेशन के निर्माण में किन सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना आवश्यक है।

सत्र की प्रमुख कड़ी हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग रही। डॉ. गिरधर ने विद्यार्थियों को लाइव प्रोग्रामिंग के माध्यम से वर्चुअल मशीन सेटअप करने तथा कोड में आवश्यक सुरक्षा मानकों को लागू करने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं तकनीकी गतिविधियों में भाग लेते हुए सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट की बारीकियों को समझा।
कार्यशाला में 90 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का आयोजन इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रो. अशोक श्रीवास्तव, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. राजकुमार, डॉ. दिव्येंदु मिश्र, प्रियंका जायसवाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read