पदुमपुर तिराहे पर लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पदुमपुर तिराहे पर असलहे के बल पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट के 8300 रुपये, पीड़ित का आधार कार्ड और यूनियन बैंक का कार्ड बरामद किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, जमालपुर निवासी दिलीप कुमार मौर्य 24 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पदुमपुर तिराहे पर पहुंचने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर डराया और उनका बैग व पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सरायख्वाजा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी पुलिस ने इस मामले में मुलायम यादव उर्फ विवेक निवासी बड़ौना, थाना शाहगंज और सनुप प्रजापति निवासी सुल्तानपुर थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट की योजना उनके फरार साथी किशन गौड़ ने बनाई थी। वारदात में उसी की बाइक और असलहे का इस्तेमाल किया गया था गिरफ्तार आरोपियों के पास से मुलायम के कब्जे से 5200 रुपये और सनुप के पास से 3100 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा पीड़ित का मूल आधार कार्ड और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का कार्ड भी मिला। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुलायम यादव के खिलाफ लाइन बाजार थाने में पहले से भी प्राथमिकी दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह, भरत सिंह यादव थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।











