Jaunpur News: पिकप ने बाइक में मारी टक्कर, गड्ढे में कूदकर बचायी जान

  • पिकप ने बाइक में मारी टक्कर, गड्ढे में कूदकर बचायी जान

  • मामला गो वंश तस्करी का बताया जा रहा, मुकदमा दर्ज

तेजस टूडे सं.
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के वाराणसी—आजमगढ़ राजमार्ग पर पड़ने वाले कनौरा गांव से गाय लादकर जा रही पिकअप को रोकने के दौरान चालक पर युवक को कुचलने के प्रयास का आरोप लगा है। युवक ने सड़क किनारे गड्ढे में कूदकर जान बचाई। टक्कर से उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने पिकअप को घेरकर एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दो आरोपियों को छुड़ाकर ले जाने का आरोप है।

कनौरा निवासी रोनित सिंह पुत्र प्रदीप सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि पिकअप से गाय को देवगांव की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस को सूचना देने के बाद वह गिरिराज कुमार, साहिल और चंद्रशेखर गौड़ के साथ बाइकों से पिकप का पीछा करने लगे। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर पीएसीएफ गोदाम के पास उन्होंने वाहन रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि पिकअप में बैठे व्यक्ति ने चालक से वाहन चढ़ाकर मारने को कहा। चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद दोबारा कुचलने का प्रयास किया जिससे बचने के लिए रोनित गड्ढे में कूद गये। शोर सुनकर ग्रामीणों ने पिकप को घेर लिया। तहरीर के अनुसार वाहन में चालक ताहिर पुत्र नूर मोहम्मद, बंधु पुत्र बद्दू निवासी रामपुर कंजहित थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ एक अज्ञात व्यक्ति सवार था। इसी दौरान संतोष सिंह उर्फ पुल्लू निवासी चेवार देवगांव आजमगढ़ ने बंधु और अज्ञात युवक को छुड़ाकर ले जाने का आरोप है। बजरंगनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप व पकड़े गए ताहिर को थाने ले गई। रोनित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। चंन्दवक पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है