Jaunpur News :स्कॉर्पियो से रौंदकर तीन की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • स्कॉर्पियो से रौंदकर तीन की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
धर्मापुर, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में पंचायत के दौरान स्कॉर्पियो से रौंदकर तीन लोगों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी राम यादव को पुलिस ने शनिवार सुबह 11:45 बजे लीलहा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना 18 नवंबर सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। डेढ़ फीट जमीन पर पानी गिराने को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान राम यादव अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो यूपी 62 डीजे 6668 से तेज रफ्तार में आया और 9 लोगों को रौंद दिया। स्कॉर्पियो पोल से टकराकर पलट गई और वह भाग निकला।
इसमें इंदु देवी और अमित यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि घायल वृद्ध राजदेव यादव की उसी रात ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। 68 वर्षीय राजनाथ यादव की हालत अब भी नाजुक है। मनोज यादव की तहरीर पर राम यादव उर्फ रामचंद्र यादव, मां इंद्रावती, भाई विजय यादव समेत पांच पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि उपनिरीक्षक मुन्ना लाल शर्मा के साथ मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।