HomeJaunpurJaunpur News: जनगणना—2027 में ओबीसी कालम न होने पर मोर्चा भड़का

Jaunpur News: जनगणना—2027 में ओबीसी कालम न होने पर मोर्चा भड़का

  • जनगणना—2027 में ओबीसी कालम न होने पर मोर्चा भड़का

  • एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा- मांगें न मानी तो होगा आन्दोलन

तेजस टूडे सं.
डा. संजय यादव/पंकज बिन्द
बदलापुर, जौनपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने जनगणना 2027 में OBC वर्ग के लिये अलग कॉलम न दिये जाने का विरोध किया है। मोर्चा ने 2 सितम्बर 2026 को जिला और तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन किया। यह आंदोलन मोर्चा के केन्द्रीय कार्यालय नयी दिल्ली के निर्देश पर चल रहा है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल ने इसके लिए आह्वान किया था। पहले चरण में 25 अगस्त 2026 को ज्ञापन दिया गया था जबकि दूसरे चरण में 02 सितंबर को अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ।

मोर्चा ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि SC/ST की तरह OBC का भी अलग से विकल्प दिया जाय। OBC की जनगणना भी उसी तरीके से की जाय, जैसे SC-ST की होती है। राज्यवार आधिकारिक और व्यापक मास्टर जाति निर्देशिका तैयार की जाय। हर जाति को एक खास कोड दिया जाय। अनियंत्रित ‘ओपन कॉलम’ व्यवस्था की जगह मानकीकृत विकल्प आधारित प्रणाली अपनाई जाय। असूचीबद्ध और स्थानीय जातियों के सत्यापन के लिए साफ संस्थागत व्यवस्था बनाई जाए। जाति संबंधी डेटा के संग्रह, सत्यापन और संकलन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और ऑडिट करने लायक बनाया जाय।

मोर्चा का आरोप है कि सरकार ने 2011 में कांग्रेस सरकार द्वारा अपनाई गई ‘ओपन ऑप्शन’ पद्धति को जारी रखा है। उस सर्वे में 46.7 लाख जातियां सामने आई थीं। मोर्चा का कहना है कि इस गलत पद्धति से OBC के साथ धोखा होगा और सही आंकड़े दर्ज नहीं हो पायेंगे। इस दौरान बदलापुर तहसील में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के जरिये राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी जौनपुर को भेजा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गयी तो आंदोलन और तेज किया जायेगा।

 

 

 

 

Must Read