HomeJaunpurJaunpur News: शिविर में 7 ब्लाकों के बच्चों ने लिया हिस्सा, बीएसए...

Jaunpur News: शिविर में 7 ब्लाकों के बच्चों ने लिया हिस्सा, बीएसए ने किया निरीक्षण

  • शिविर में 7 ब्लाकों के बच्चों ने लिया हिस्सा, बीएसए ने किया निरीक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में समग्र शिक्षा अभियान के समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत विकास खंड बक्शा में ALIMCO उपकरण मापन एवं परीक्षण शिविर आयोजित हुआ। शिविर में बक्शा समेत बदलापुर, सिकरारा, महाराजगंज, सुजानगंज, खुटहन एवं करंजाकला विकास खंडों से पहुंचे 317 दिव्यांग बच्चों का मापन एवं परीक्षण किया गया। मापन प्रक्रिया के बाद 297 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरणों के लिये चिन्हित किया गया। चिन्हित बच्चों को उनकी दिव्यांगता एवं आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे पूरी की जायेगी। सहायक उपकरण मिलने से बच्चों को विद्यालय आने-जाने, पढ़ाई करने तथा दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

शिविर का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने औचक निरीक्षण किया जिन्होंने शिविर में पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के मापन एवं परीक्षण की प्रक्रिया देखी तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाय और पात्र बच्चों को योजना का लाभ समय से मिले।

इस दौरान जिला समन्वयक समेकित शिक्षा शशिधर उपाध्याय भी मौजूद रहे। बीएसए ने सभी स्पेशल एजुकेटर को निर्देश दिया कि चिन्हित किये गये बच्चों की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करायी जायं जिससे सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना विभाग की प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र बच्चे तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

 

 

 

 

Must Read