विषधर के काटने से युवक की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
तेजस टूडे सं.
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में मंगलवार की रात सोते समय विषधर के काटने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी बजरंगी तिवारी (30) पुत्र सभाशंकर तिवारी मंगलवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान किसी विषधर जानवर ने उन्हें काट लिया। स्वजनों ने उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए ले गये। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें भदोही अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार बजरंगी परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घर में पत्नी अनीता व पुत्री प्रीती और मां नुख्खी का रो-रोकर बुरा हाल है।











