अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का हुआ समापन

तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी
जौनपुर। चौकियां धाम मां शीतला चौकियां धाम के बगल में स्थित पवित्र कुण्ड में सोमवार की सुबह छठ पूजा पर व्रती महिलाओं समेत तमाम लोगों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी के साथ 4 दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया। छठ पूजन पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी तिथि में मनाया जाने वाला एक पर्व है। सोमवार की भोर में ही पूजा करने वाली महिलाओं की भारी संख्या में भीड़ पवित्र कुण्ड में उमड़ी हुई थी। इस दौरान मंदिर के कुण्ड पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। छठ पूजा के धार्मिक भोजपुरी लोक गीतों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान जहां व्रती माताओं ने पूजा-पाठ किया, वहीं युवा व बच्चे आतिशबाजी का आनन्द लिये।

तड़के उगते सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात छठ पर्व का समापन हुआ। बिहार से प्रचलित इस पर्व को अब पूरे पूर्वांचल समेत पूरे देश के कोने-कोने में लोग विधि-विधान से मना रहे हैं। व्रती परिवार के परिजनों सहित उपस्थित अन्य भक्तों ने छठ पूजा पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान पवित्र कुण्ड के पानी में सूप में प्रसाद सामग्री लेकर खड़ी महिलाओं ने छठी मइया की गीत गाया। महिलाओं व पुरुषों ने पवित्र कुण्ड में खड़े होकर छठी मइया के गीत गाये। इस मौके पर कुण्ड में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं शीतला चौकियां चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव भी सहयोगी पुलिस दल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।







