पूर्व सपा विधायक छोटे लाल ने भाजपा का थामा दामन
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। चुनावी सरगर्मी के समय जिले की समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए यादव बिरादरी के कद्दावर नेता छोटे लाल यादव ने भाजपा की नीतियों में अपनी आस्था जताई है। 3 बार के विधायक व दर्जा प्राप्त मंत्री रहे समाजवादी नेता छोटे लाल यादव ने दर्जनों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। सदर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अरविंद मौर्य के आवास पर उनका भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। पत्रकारों से मुखातिब होते हुए वर्ष 2013 से समाजवादी पार्टी में रहे छोटेलाल ने सपा छोड़ने के सवाल पर कहा कि जहां पर मान सम्मान सुरक्षित नहीं वहां रहने का क्या फायदा।
आज की समाजवादी पार्टी वह नहीं रही जो पहले हुआ करती थी। अपने पिता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले अखिलेश यादव से सम्मान मिलने की उम्मीद भला कोई कैसे कर सकता है। लोहिया के अनुयायी होने की बात कहने वाली समाजवादी सरकार ने समाज के गरीब तबके के लिए कोई काम नहीं किया। मुलायम सिंह का मैं आजीवन ऋणी होने के बाद भी मैं अखिलेश यादव के साथ नहीं रह सकता हूँ। भाजपा सरकार ने समाज के गरीब लोगों को मुफ्त राशन, गैस व अन्य सामग्री देकर लोहिया के सपनों को साकार किया है। मुझे किसी पद की लालसा नहीं परन्तु मैं सम्मान का जरूर भूखा हूँ। इनके भाजपा में शामिल होने से यादव बिरादरी क्या प्रभाव होगा। इस सवाल पर इनका कहना है कि आपको खुद एक सप्ताह बाद मेरा प्रभाव स्वतः नजर आ जायेगा।