फर्जी जमानत लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना सहित 7 गिरफ्तार
25 वर्षों से फर्जी जमानत पर अपराधियों को जेल से बाहर निकालने का कर रहे थे काम
रंजीत सिंह
उरई, जालौन। जेल में बंद शातिर अपराधियों को जेल के बाहर की हवा खिलाने वाले 7 शातिर जालसाज जमानतगीरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिनमें उनका सरगना भी शामिल है। पिता पुत्र दोनों बीते पच्चीस सालों से फर्जी जमानत लगाकर अपराधियों को जेल से बाहर निकालने का काम कर रहे थे जिसका खुलासा आज पुलिस अधीक्षक डा. ईराज राजा ने कोतवाली में किया।

खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डा. ईराज राजा ने बताया कि उरई कोतवाली पुलिस ने फर्जी जमानत लेने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर फर्जी जमानतदार लगवाने वाले ठेकेदार सहित सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि एक वादी ने सूचना दी कि उसके न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां आधा दर्जन मुकदमे विचाराधीन हैं जिसमें अभियुक्त ने उक्त मुकदमों में जमानत करवाई थी जिसमें एक दर्जन जमानतदार लगवाए गए थे। अभियुक्त ने फर्जी जमानतों के ठेकेदार लाखन सिंह यादव व उसके पुत्र उदय से संपर्क किया और उक्त दोनों लोगों ने सारे फर्जी जमानतदार उपलब्ध करा दिए।
वादी के बताए अनुसार उरई कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया। कोतवाली पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की तो जो तथ्य प्रकाश में आये, उसमें लाखन सिंह यादव व उसका पुत्र उदय यादव सरगना है जिनके द्वारा फर्जी जमानतें दिलवाकर शातिर अपराधियों को जमानत पर रिहा कराया जाता है। यह कार्य उक्त दोनों लोग करीब पच्चीस वर्षों से कर रहे हैं। जालौन के अतिरिक्त कानपुर देहात, औरैया आदि जनपदों में भी उक्त गिरोह ने फर्जी जमानतें दिलाई हैं। सरगना लाखन सिंह यादव द्वारा इस काम के लिए अभियुक्त पक्ष से मोटी रकम वसूली जाती थी और अपने गिरोह में उसे बांट लिया जाता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शीघ्र ही पकड़े गए जालसालों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कागजी कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए लोगों में लाखन सिंह यादव, दुर्गा प्रसाद, श्याम शरण राजपूत, कमलेश कुशवाहा, नंदकिशोर, घनश्याम, राजकुमार शामिल हैं। खुलासा के दौरान उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार राठौर मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









