डीएम ने की जनगणना-2027 में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जनगणना-2027 का कार्य प्रारंभ हो चुका है। जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और जनपद के भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करने में सहायता मिलती है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना-2027 में सभी नागरिक सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा स्व-गणना Self Enumeration की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अब नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक है जिससे लोगों को समय की बचत के साथ अपनी जानकारी स्वयं उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की वास्तविक सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को समझने तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना-2027 के संबंध में जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया एवं ऑनलाइन सुविधा के बारे में जानकारी देकर जागरूक करेगा। जनगणना-2027 को जनभागीदारी का महाअभियान बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपकी एक गणना, देश की सही योजना के संकल्प के साथ सभी नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।







