हजरत फातिमा जहरा की याद में लगा रक्त अमृत शिविर, कई लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। हजरत फातिमा जहरा (स.अ.) की याद में मनाए जा रहे अय्याम-ए-फातिमा पर नोबेलरे सोसाइटी की ओर से मदरसा जामिया इमाम मेहदी (एटीएफएस) और जामिया हजरत जैनब (स.अ.) के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर ‘रक्त अमृत’ का आयोजन किया गया। मदरसा जामिया इमाम मेंहदी सीताराम दलाल घाट में आयोजित शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करके मानवता और सेवा का संदेश दिया। शिविर का उद्देश्य हजरत फातिमा जहरा की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सेवा, त्याग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में रक्तदान के साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई जिसमें रक्तचाप, रक्त शर्करा और नाड़ी की जांच की गई।
इस मानवीय पहल में डॉ. कुमैल, असगर अब्बास, अली शब्बीर, आसिफ वसी, अली तौकीर सहित कई स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष मंसूर अहमद रहे। इसके अलावा शिया समुदाय के अध्यक्ष अज़ादार हुसैन, तौकीर मेहदी जमाल, यासूब अब्बास, डॉ. अरशद हुसैन, ए.ए. अब्बासी, मिर्जा जफर अली बेग, शकील हैदर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आयोजकों के इस मानवीय प्रयास की सराहना किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अरशद हुसैन ने कहा कि हजरत फातिमा जहरा की याद में इस तरह के आयोजन की शुरुआत आजमगढ़वासियों ने की है। इसे आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा। शिविर का समन्वय मौलाना मोहम्मद मेहदी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में नोबेलरे सोसाइटी के संरक्षक मिन्हाज सुगरा, उपाध्यक्ष साहिल कुमार, सचिव तालिब हुसैन, संयुक्त सचिव गुलाम वासिल, संचालन प्रमुख शुभम कुमार, कार्यक्रम समन्वयक जीशान अहमद सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







