84 हजार रूपये वापस मांगना पड़ा भारी, युवक की बेरहमी से हुई पिटाई

तेजस टूडे सं
प्रेमचन्द
सिद्धौर, बाराबंकी। मेहनत की कमाई के 84 हजार रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान बचाने के लिए गांव वालों की मदद लेनी पड़ी। असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में उधार दिए गए रुपये मांगने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के 3 दांत टूट गये और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित बुधई पुत्र स्व. लालाराम रावत निवासी पूरे मकरंद मजरे सूरजपुर ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसके परिवार के ही राजन लाल पुत्र औशन रावत ने उससे 84 हजार रुपये उधार लिए थे। पीड़ित के मुताबिक उसने भरोसे के साथ अपनी रकम दी थी, लेकिन जब वापस मांगने की बारी आई तो मामला विवाद और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि 24 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे बुधई ने राजन लाल से अपने उधार दिए रुपये वापस मांगे। इसी बात को लेकर राजन लाल और औशन कथित तौर पर नाराज हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि दोनों ने बुधई पर लात-घूंसों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उसके तीन दांत टूट गए और उसे काफी चोटें आईं। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने असंद्रा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया है।







