अनुज चौहान की संदिग्ध मौत पर न्याय की मांग
शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। नोनिया मोहाल स्थित ब्रजेश कीर्तन मंदिर के पास निवासी अनुज चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसी संबंध में जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि स्वर्गीय राकेश चौहान के पुत्र अनुज चौहान 2 नवंबर की शाम घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद 4 नवंबर को पुलिस द्वारा परिजनों को उनकी मौत की सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा पानी में डूबने से मौत की बात कही जा रही है जबकि बच्चे के शरीर पर जलने और मारपीट के निशान मौजूद होने की बात कही गई है। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि घर से निकलते समय अनुज ने जो लोवर और टी-शर्ट पहनी थी, वे शव पर नहीं थे तथा शव पर मिला अंडरवियर भी परिवार का नहीं था।
परिवार ने बच्चे के दोस्तों सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ कराने, मामले की निष्पक्ष जांच और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग किया। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि धीरज राजपूत, शीलू लखेरा सहित कई समाजसेवी, जेडीयू पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







