पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप | #TejasToday
तेजस टूडे ब्यूरो औरैया। जिले के बिधूना क्षेत्र में सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव नीम के पेड़ पर शर्ट के सहारे फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के गांव बड़े पुर्वा निवासी विनोद (25 वर्ष) पुत्र राम लखन का शव आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के समीप गिरवर व तुलाराम के खेत पर खड़े नीम के पेड़ से शर्ट के सहारे लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। बताया कि सुबह जब गांव की कुछ महिलाएं व पुरूष किसी काम से खेतों पर गये तो उन्होंने पेड़ पर शव लटका देख परिजनों व पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता रामलखन एवं भाई सनोज व मनोज ने बताया कि वह शाम को खाना खाकर घर से निकला था और देर रात्रि तक वापस नहीं आया। चुनाव के कारण इस पर ध्यान नहीं दिया और आज सुबह विनोद का शव पेड़ से लटका मिला। उन्होंने विनोद की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाये जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा।