कांग्रेस ने निकाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जागरूकता बाइक रैली

  • कांग्रेस ने निकाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जागरूकता बाइक रैली

तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जनपद में “वोट बचाओ, देश बचाओ” जागरूकता अभियान के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बंठीहवा चौराहे से लक्ष्मनपुर बाजार तक बाइक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम जनता को अपने मताधिकार के महत्व, लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, संविधान की भावना को मजबूत बनाने तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करने का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इसी ताकत के माध्यम से जनता अपनी सरकार चुनती है। इसलिए मतदाता सूची की पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष विद्यामणि त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। प्रत्येक नागरिक का मत समान महत्व रखता है और उसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विद्यामणि त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष असलम खान, जिला सचिव मुजीबुर रहमान, ब्लॉक अध्यक्ष यशोदानंदन शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष इमरान मलिक, NSUI जिलाध्यक्ष विशाल द्विवेदी, लक्ष्मीनिवास तिवारी, छोटकऊ यादव, सतीश श्रीवास्तव सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों से अपील किया कि वे अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें। लोकतंत्र की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक बनें। अंत में राष्ट्रगान कर समापन किया गया।